सुक्खू के हाईकमान से मिलने के बाद सीएम को भी हाईकमान का बुलावा
हाईकमान से मिलने के लिए पांवटा में कार्यक्रम छोड़ दिल्ली रवाना हुए CM Virbhadra Singh
हिमाचली हलचल।। हिमाचल में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मिया तेज हो गई है। ऐसे में हिमाचल की कांग्रेस में चल रहा मनमुटाव आने वाले चुनावों के लिए सही नहीं माना जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिले और हिमाचल में आने वाले आगामी चुनावों को लेकर चर्चा की।
हालांकि अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या सुक्खू ने कांग्रेस पार्टी के बीच चल रही कलह के बारे में भी जिक्र किया होगा। तो जनाब जाहिर सी बात है कि सीएम वीरभद्र सिंह को हाईकमान से बुलावा आ गया है। इसके लिए वे पांवटा में कार्यक्रम छोड़ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
दरअसल हिमाचल के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे दिल्ली में पहुंचे हुए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सभी विरोधी भी दिल्ली में विराजमान है। इतना ही नहीं कांग्रेस प्रभारी ने तो सुक्खू से मुलाकात कर हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की रिपोर्ट तैयार कर राहुल गांधी को सौंप दी है।
बता दें तो वीरभद्र और सुक्खू के बीच चल रही आपसी कलह को लेकर सीएम वीरभद्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया से भी मिले थे। अब हाईकमान से अचानक बुलावा आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

Comments
Post a Comment